: अवैध महुआ शराब के सिंडिकेट पर सर्जिकल स्ट्राइक
Sun, Sep 29, 2024
कोरबा, 29 सितंबर (न्यूज. उड़ान)। कोरबा पुलिस ने अवैध कच्ची महुआ शराब बिक्री करने वाले सिंडिकेट पर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने शराब बनाने वाले 6 भट्टी और शराब बनाने की सामग्री को ध्वस्त किया और 100 लीटर कच्ची महुआ शराब जप्त की।दो आरोपियों शिव कुमार डे और सुरेश कुमार कँवर को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई थाना उरगा पुलिस टीम द्वारा की गई है, जिसका नेतृत्व थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने किया।पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अति. पुलिस अधीक्षक यूबीएस चैहान और नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का के मार्गदर्शन में लगातार जुआ, सट्टा, आबकारी और नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पिछले वर्ष 619 प्रकरण में 7166 लीटर शराब जप्त की गई थी, जबकि इस वर्ष आज दिनांक तक 508 प्रकरण में कुल 8102 लीटर शराब जप्त की गई है। अवैध कारोबार पर कोरबा पुलिस की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
: 'रन फॉर जीरो हंगर' अभियान से जरूरतमंद बच्चों को मिलेगा पौष्टिक भोजन।
Sun, Sep 29, 2024
कोरबा
बालकोनगर( न्यूज उड़ान)वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन (वीडीएचएम) के अंतर्गत टाउनशिप वाकथॉन का आयोजन किया।20 अक्टूबर तक चलने वाले वीडीएचएम 'रन फॉर जीरो हंगर' अभियान में बालको ने अबतक 10 लाख किलोमीटर का सफर तय कर लिया है।वेदांता कर्मचारियों के लिए एक फ़िटनेस ऐप भी लॉन्च किया है। इस ऐप से पता चलेगा कि कर्मचारी कितने किलोमीटर की दौड़ तय कर चुके हैं।
दिल्ली हाफ मैराथन के आयोजक वेदांता ने संकल्प लिया है कि कर्मचारियों के प्रत्येक किमी दौड़ने पर एक जरूरतमंद बच्चे को पौष्टिक भोजन मिलेगा। इससे ज्यादा से ज्यादा लोग खुद को फिट करने के उद्देश्य से मैराथन से जुड़ेंगे और उनके दौड़ने से लाखों जरूरतमंद बच्चों को पौष्टिक भोजन मिलेगा। कंपनी ने वीडीएचएम के अंतर्गत विभिन्न वॉकथॉन कार्यक्रम आयोजित किय हैं। स्वास्थ्य के साथ सामाजिक भलाई को बढ़ावा देते हुए बालको कर्मचारियों तथा उनके परिवारजन ने टाउनशिप के रन फॉर जीरो हंगर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पिछले हफ्ते बालको कर्मचारी, व्यावसायिक साझेदारों, विद्यार्थी और समुदाय के 1400 से अधिक लोग दौड़ में शामिल हुए। अनिल अग्रवाल फाउंडेशन द्वारा बाल विकास में योगदान देने के उद्देश्य से नंद घर परियोजना की शुरूआत की गई है।समुदाय के साथ-साथ कंपनी बच्चों के सर्वागीण विकास में विश्वास रखती है।यह कंपनी के कुपोषण मुक्त भारत बनाने की प्रतिबद्धता के अनुरूप है। वेदांता समूह नंद घर परियोजना से देश भर में सात करोड़ बच्चों और दो करोड़ महिलाओं के जीवन को प्रभावित करने की दिशा में काम कर रहा है।
: सुदूरवर्ती ग्रामीणों के लिए लाभदायक हुआ सिरमिना का शिविर
Sat, Sep 28, 2024
कोरबा 28 सितंबर 2024/ पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के सुदूरवर्ती ग्राम पंचायत सिरमिना में आज जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर ग्रामीणों के लिए बहुत लाभदायक साबित हुआ। कलेक्टर, प्रभारी जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर सहित जिले के सभी विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में क्षेत्र के ग्रामीणों ने अपनी मांगों को आवेदन के माध्यम से न सिर्फ रखा अपितु कलेक्टर अजीत वसंत को भी माइक के माध्यम से वन-टू-वन चर्चा कर जानकारी दी। कलेक्टर ने सभी को ध्यान से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों के आवेदन पर की जाने वाली कार्यवाही से अवगत कराने के निर्देश दिए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। इस दौरान शासन की योजनाओं से ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक पाली तानाखार श्री तुलेश्वर सिंह मरकाम शामिल हुए। विधायक, कलेक्टर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। स्थानीय कलाकारों द्वारा पारंपरिक लोकनृत्य के माध्यम से सभी अतिथियों का स्वागत किया साथ ही स्कूली छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
*क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं का होगा तेजी से निराकरणः विधायक श्री तुलेश्वर मरकाम-*
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक पाली-तानाखार श्री मरकाम ने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीणों की शिकायतों का त्वरित निराकरण एवं उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्र सिरमिना में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया है। यहां कलेक्टर सहित जिले के सभी बड़े अधिकारी व विभाग प्रमुख उपस्थित है। उन्होंने ग्रामीणों को शिविर में अपनी समस्याओं का निराकरण कराने एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी लेकर लाभांवित होने का आग्रह किया। विधायक श्री मरकाम ने कहा कि सरकार द्वारा डीएमएफ की राशि का उपयोग जिले के विकास के लिए अनुमति दी गई है। इससे क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं का तेजी से निराकरण होगा। भवन विहीन व जर्जर स्कूल, आँगनबाड़ी भवन के लिए नए भवन बनाए जाएंगे। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हेतु एकल शिक्षक व शिक्षकविहीन विद्यालयों में शिक्षक की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। सडकविहीन क्षेत्र में सड़क, आवश्यक स्थानों में पुल पुलिया की व्यवस्था की जाएगी। स्वास्थ्य सुविधाओं में भी विस्तार किया जाएगा।
*अपने अधिकारों को जाने और योजनाओं का लाभ उठाएंः कलेक्टर*
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने कहा कि शिविर में जो भी आवेदन प्राप्त हुए हैं, सभी का परीक्षण किया जा रहा है। तहसील और जनपद और जिला स्तर पर जिसका निराकरण हो सकता है उसका यही निराकरण किया जाएगा। शासन स्तर पर पूरी होने वाली मांगों का निराकरण के लिए आवेदन को शासन को भेजा जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं विभागीय मंत्री के प्रयासों से जिले में गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कर राशि हितग्राहियों के खाते में डाले गए हैं। किसी गरीब व्यक्ति के लिए आवास पहली प्राथमिकता होती है, इसलिए इस राशि का उपयोग आवास निर्माण में किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले के जर्जर विद्यालयों का विनिष्टिकरण कर नए भवन बनाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक में भी स्कूल भवन की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र भवन, राशन दुकान हेतु भवन की भी स्वीकृति दी जा रही है। कलेक्टर ने आगे कहा कि स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में भोजन पकाने वाले रसोइयों को परेशानी न हो और बच्चों को समय पर भोजन मिले, इसके लिए गैस सिलेंडर की व्यवस्था के साथ ही साल भर गैस रिफलिंग का खर्च भी वहन करने की पहल 02 अक्टूबर से की जाएगी। उन्होंने पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र के विद्यालयों में सुबह नाश्ता वितरण होने की जानकारी देते हुए कहा कि आप भी अपने बच्चों को स्कूल भेजे और उन्हें नाश्ता मिल रहा है या नहीं अवश्य पूछे। कलेक्टर ने बताया वे हर सोमवार और गुरुवार को आमजन की समस्याओं को सुनते हैं यदि किसी को कुछ शिकायत है तो वे बेझिझक इस दिन कलेक्ट्रेट में आकर उनसे मिल सकते हैं। कलेक्टर ने पुल पुलियों की मांग को भी परीक्षण कर पूरा करने की बात कही। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने अधिकारों को जाने और शासन की योजनाओं को जाने एवं लाभ उठाएं।
शिविर को जनपद अध्यक्ष पोड़ी उपरोड़ा श्रीमती पेन्द्रों, सरपंच सिरमिना श्री दिवाकर सिंह मरकाम ने भी संबोधित करते हुए ग्रामीणों को शिविर का लाभ उठाने का अपील किया। इस अवसर पर प्रभारी जिला पंचायत सीईओ श्रीमती प्रतिष्ठा ममगाई, जनपद अध्यक्ष पोड़ी उपरोड़ा श्रीमती संतोषी पेन्द्रों सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अपर कलेक्टर श्री दिनेश नाग, एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा श्री तुला राम भारद्वाज, बीईओ श्री दिनेश कुमार लाल, जनपद सीईओ श्री खगेश निर्मलकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
*पुष्पा और सीमा को मिला एक-एक लाख का चेक, दिव्यांगों दिया गया को कैलीपर्स*
शिविर में विधायक, कलेक्टर सहित अन्य अतिथियों द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं से लाभांवित किया। जिसके अंतर्गत राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना अंतर्गत सिमगा की श्रीमती ज्ञान कुंवर, श्रीमती चन्द्रवती गोस्वामी, नवापारा की श्रीमती हिरोदिया, कोरबी की श्रीमती चन्द्रवती को 20-20 हजार का चेक प्रदान किया गया। राजसव और स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा छात्र-छात्राओं को स्थायी जाति प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। इसी प्रकार राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका से अटारी की सीमा रावत व झिनपुरी की पुष्पा मरकाम को मुद्रा लोन के तहत 1-1 लाख का चेक वितरित किया। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांग बुधराम, पवनकुमार व क्षेत्रवती को कैलीपर्स व वैशाखी प्रदान किया। कृषि विभाग अंतर्गत सिमगा के नारायण सिंह, अटारी के शिवबदन सरूता को मोटरपंप प्रदान किया गया। खाद्य विभाग द्वारा जानकी बाई, सुनीता साहू, कैलासो व नीता देवी को राशन कार्ड सौपा गया। इस दौरान महिला व बाल विकास विभाग द्वारा नन्हें शिशुओं का अन्नप्राशन एवं गर्भवती महिलाओं के गोद भराई कराई गई। साथ ही उच्चतर व माध्यमिक शाला के छात्र छात्राओं को स्थायी जाति प्रमाण पत्र भी वितरित किया गया। शिविर में प्राप्त कुल 556 आवेदन में से 24 का मौके पर निराकरण संबंधित अधिकारियों द्वारा किया गया। लंबित आवेदन मांग व शिकायत संबंधी थे। लंबित सभी आवेदनों का परीक्षण कर शीघ्रता से निराकरण किया जाएगा।