: तिरंगा यात्रा, निबंध प्रतियोगिता, छायाचित्र प्रदर्शनी का किया गया आयोजन।
Fri, Jun 27, 2025
कोरबा( न्यूज उड़ान) संविधान हत्या दिवस व आपातकाल के 50वी वर्षगांठ के अवसर पर आज जिले में तिरंगा यात्रा, निबंध प्रतियोगिता, छायाचित्र प्रदर्शनी और संगोष्ठी का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा के माध्यम से रैली निकालकर आपातकाल को याद किया गया। छायाचित्र प्रदर्शनी के माध्यम से भी आपातकाल के भयावह तस्वीरों को बताया गया।
आज जिले के मीसा बंदियों का सम्मान भी किया गया। कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देशन में लोकतंत्र की हत्या आपातकाल के 50वीं वर्षगांठ पर स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के द्वारा तिरंगा यात्रा रैली निकाली गई। यह रैली डॉ. भीमराव अम्बेडकर ऑडिटोरियम घंटाघर ओपन थियेटर कोरबा से महाराणा प्रताप चौक, बुधवारी होते हुए वापस घंटाघर परिसर में सम्पन्न किया गया। उक्त रैली में स्काउट गाइड एनएसएस, एनसीसी तथा स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थी तथा शिक्षक-शिक्षिकाएं सहित अन्य शामिल हुए। तिरंगा यात्रा रैली को श्री टी. पी. उपाध्याय जिला शिक्षा अधिकारी ने संबोधित करते हुए कहा कि देश में 25 जून 1975 को आपातकाल लागू किया गया था।
जिसे संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इसी तरह सीनियर क्लब में छायाचित्र प्रदर्शनी एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा रैली में श्री दीनू पटेल जिला खेल अधिकारी, श्री के. आर. टंडन सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी, श्रीमती अल्का फिलिप्स प्राचार्य एनसीडीसी, मानसाय लहरे प्राचार्य पी.डब्लू.डी., रामकृपाल साहू सहायक खेल अधिकारी, सनत कालेलकर, सुमित सिंह, कौशल सोनवानी व्यायाम शिक्षक, गणेशी सोनकर, डिगम्बर सिंह एवं विभिन्न विद्यालय के शिक्षक/शिक्षिका विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।
: कोरबा की आकाशी कश्यप ने योनक्स यूएस ओपन 2025 की शानदार शुरुआत की।
Fri, Jun 27, 2025
कोरबा(न्यूजउड़ान)कैलिफोर्निया, 26 जून 2025 —
भारत की उभरती हुई बैडमिंटन स्टार आकाशी कश्यप ने योनक्स यूएस ओपन 2025 में अपने अभियान की जबरदस्त शुरुआत करते हुए चीनी ताइपे की टिंग यू लियांग को सीधे सेटों में हराकर महिला एकल के राउंड ऑफ 32 में जगह बनाई। यह प्रतिष्ठित HSBC BWF वर्ल्ड टूर सुपर 300 टूर्नामेंट में आकाशी के लिए एक आशाजनक शुरुआत है। मैच की पहली सर्विस से ही आकाशी ने तेज़ी, चतुराई और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। उनकी बेहतरीन कोर्ट कवरेज, सटीक ड्रॉप शॉट्स और रणनीतिक खेल ने प्रतिद्वंद्वी को लगातार दबाव में रखा।यह सीधी सेटों में जीत उनके कठिन परिश्रम, अंतरराष्ट्रीय अनुभव और परिपक्वता का परिचायक है।मैच के बाद आकाशी ने विनम्रता के साथ कहा, “मुझे यह साझा करते हुए खुशी हो रही है कि मैंने योनक्स यूएस ओपन के पहले दौर में टिंग यू लियांग के खिलाफ सीधे सेटों में जीत दर्ज की है। शुरुआत मजबूत होना बेहद सुकूनदेह है।मैं ईश्वर, अपने कोचेस, शुभचिंतकों और खासकर एनटीपीसी कोरबा सीएसआर का धन्यवाद करती हूं, जिनके निरंतर सहयोग ने मेरी इस यात्रा को संभव बनाया है।” आकाशी कश्यप को एनटीपीसी कोरबा के कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) कार्यक्रम का समर्थन प्राप्त है।इस पहल ने उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और अंतरराष्ट्रीय मंच पर खुद को साबित करने का अवसर प्रदान किया है। उनकी यह जीत न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ और संवेदनशील CSR समर्थन भारत के उभरते खिलाड़ियों को वैश्विक मंच पर सफलता दिलाने में कितनी अहम भूमिका निभा सकता है। अब अगली चुनौती है राउंड ऑफ 16, जिसमें आकाशी का सामना मलेशिया की के. लेत्शाना से होगा — यह मुकाबला दो युवा, फुर्तीले और होनहार खिलाड़ियों के बीच एक रोमांचक भिड़ंत साबित होने की उम्मीद है।जैसे-जैसे योनक्स यूएस ओपन 2025 आगे बढ़ रहा है, भारत सहित दुनिया भर के प्रशंसक आकाशी को पूरे उत्साह से समर्थन दे रहे हैं। वह आज भारतीय खेलों में प्रतिभा, समर्पण और सहयोग की शक्ति का प्रतीक बनकर उभरी हैं।
: उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने प्रदेशवासियों को रथयात्रा की दी बधाई।
Fri, Jun 27, 2025
कोरबा (न्यूज उड़ान )नगर विधायक, वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने प्रदेशवासियों को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा की बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने इस अवसर पर भगवान जगन्नाथ से सभी नागरिकों की शांति ,सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है। मंत्री श्री देवांगन शुक्रवार को इस पावन पर्व के अवसर पर कोरबा दादर खुर्द व कई स्थानों पर रथयात्रा में शामिल होकर पूजा अर्चना कर दर्शन लाभ करेंगे।
श्री देवांगन ने रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि महाप्रभु जगन्नाथ के धाम पुरी सहित सभी स्थानों में रथयात्रा निकाली जाती हैं। यह भारत की मजबूत सांस्कृतिक एकता और सौहार्द्र का प्रतीक है। उद्योग मंत्री ने कहा है कि प्राचीन काल से ही छत्तीसगढ़वासियों की भगवान जगन्नाथ में गहरी आस्था रही है। सभी छत्तीसगढ़वासी प्रतिवर्ष भक्ति भाव और श्रद्धा के साथ भगवान जगन्नाथ, उनके भाई बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा की रथयात्रा निकालते हैं।