रायगढ़ : मोबाइल शॉप में लाखों की चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार.....
Sun, Mar 15, 2026
रायगढ़ ( न्यूज़ उड़ान ) रायगढ़ पुलिस ने शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चोरी गए 16 आईफोन की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली है, जिनकी कुल कीमत करीब 14 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई को सिटी कोतवाली थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार 9 मार्च 2026 की रात गोपी टॉकीज के सामने स्थित ‘सेल स्पॉट’ मोबाइल दुकान में चोरी की घटना हुई थी। दुकान संचालक मोहम्मद फारुक निवासी लक्ष्मीपुर ने पुलिस को बताया कि वे रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे जब वे दुकान पहुंचे और शटर खोलकर अंदर गए तो शोकेस काउंटर में रखे मोबाइल अस्त-व्यस्त मिले। जांच करने पर पता चला कि दुकान की दूसरी मंजिल के दरवाजे का ताला तोड़कर अज्ञात चोर अंदर घुसा और ग्राउंड फ्लोर पर स्थित दुकान से 16 आईफोन और काउंटर में रखी नकदी लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना पर सिटी कोतवाली थाना रायगढ़ में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 111/2026 के तहत धारा 305 और 331(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और साइबर थाना की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से संदिग्ध की पहचान की और उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि संदेही मोबाइल फोन का उपयोग कर रहा है। साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण कर उसकी लोकेशन ट्रेस की, जिसके बाद पुलिस टीम रायपुर पहुंची और रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान आरोपी ट्रेन से रायगढ़ की ओर आ रहा था, जिसे पुलिस ने चलती ट्रेन में घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान आकाश चौहान (19) निवासी ग्राम कलमी थाना कोतरारोड़ के रूप में हुई। पूछताछ में उसने सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने यह भी बताया कि उसने जनवरी 2026 में अपने साथियों के साथ बोईरदादर चौक स्थित साहा मोबाइल दुकान में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह रायपुर से ट्रेन में बैठकर रायगढ़ आया था। दुकान के पीछे निर्माणाधीन हिस्से के पास लगी लोहे की सीढ़ी के सहारे ऊपर चढ़कर दूसरी मंजिल का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर शोकेस में रखे 16 आईफोन एक काले रंग के बैग में भर लिए। इसके बाद काउंटर में रखी नकदी भी लेकर उसी रास्ते से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी आकाश चौहान के कब्जे से चोरी के 15 आईफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं चोरी का एक आईफोन उसके साथी लकेश्वर उर्फ लक्की चंद्रा (21) निवासी सोनूमुड़ा, रायगढ़ के कब्जे से बरामद किया गया। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। साथ ही चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में दर्ज पूर्व चोरी मामले में आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अनिल विश्वकर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक, उपनिरीक्षक ऐनु देवांगन, दिनेश मिंज सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में चोरी, लूट और संपत्ति से जुड़े अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। तकनीकी साक्ष्यों और प्रभावी पुलिस कार्रवाई के जरिए ऐसे मामलों का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
कोरबा : सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोतवाली पुलिस की कार्यवाही।
Sun, Mar 15, 2026
“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोतवाली पुलिस की कार्यवाही।
अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ 01 आरोपी गिरफ्तार।
सघन चेकिंग अभियान में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 50 लोगों पर कार्यवाही।
शराब पीकर वाहन चलाने वाले 02 वाहन चालकों पर 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही।
कोरबा (न्यूज उड़ान )जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस के द्वारा लगातार कार्यवाही किया जा रहा है।
इसी क्रम में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा”अभियान के तहत दिनांक 14.03.2026 को कोतवाली पुलिस के द्वारा असामाजिक तत्वों एवं आरोपियों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है।
सूचना प्राप्त हुई कि इमली डुग्गू रेलवे कॉलोनी के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा रखकर बिक्री कर रहा है।
सूचना पर कोतवाली पुलिस के द्वारा तत्काल मौके पर दबिश दी गई।
कार्यवाही के दौरान आरोपी अश्वनी यादव पिता स्व. छौवरा यादव, उम्र 38 वर्ष, निवासी इमली डुग्गू रेलवे कॉलोनी, थाना कोतवाली, जिला कोरबा (छ.ग.) को अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री करते हुए पकड़ा गया।
आरोपी के कब्जे से मादक पदार्थ गांजा जप्त कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कोतवाली पुलिस के द्वारा वैधानिक कार्यवाही करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
इसी क्रम में कोतवाली पुलिस के द्वारा गौ माता चौक के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत 50 लोगों पर कार्यवाही की गई।साथ ही चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 02 वाहन चालकों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कोतवाली पुलिस के द्वारा वैधानिक कार्यवाही की गई।
जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु कोतवाली पुलिस के द्वारा इस प्रकार की कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी।
कोरबा : सोहागपुर में गौधाम का हुआ उद्घाटन।
Sat, Mar 14, 2026
कोरबा( न्यूज उड़ान )सोहागपुर में आज गौधाम सोहागपुर के उद्घाटन समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूल सिंह राठिया उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में गौ सेवा आयोग जिला स्तरीय समिति कोरबा के अध्यक्ष विनय सिंह, जनपद सदस्य सुहागपुर श्रीमती अनसुईया राठौर, सांसद प्रतिनिधि श्री सहसराम कौशिक, उपसरपंच सुहागपुर श्री विजय कुमार जांगड़े तथा गौ सेवा आयोग विकासखंड स्तरीय समिति करतला के अध्यक्ष मारुति पटेल शामिल हुए।
इसके अतिरिक्त कमल वैष्णव, शिव कुमार, उत्तम यादव, आयुष सक्सेना तथा जगदीश कंवर (सदस्य, गौ सेवा आयोग विकासखंड स्तरीय समिति करतला) की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
उद्घाटन समारोह हर्ष एवं उल्लास के वातावरण में आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन गौधाम सोहागपुर समिति स्वर्गीय वैद्य नत्थुराम कौशिक चिचोली गौशाला, विकासखंड करतला द्वारा किया गया।
इस आयोजन में गौशाला के अध्यक्ष साखीराम कौशिक का विशेष एवं महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पशुधन विकास विभाग करतला के समस्त स्टाफ का भी पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।
विभाग के डॉक्टर वीरेंद्र पाल कंवर सहित एवीएफओ श्यामलाल बिंझवार, रमेश कंवर, राम सिंह कंवर, श्रीमती ललिता कंवर, वैभव जायसवाल, रघुवीर सिद्धार्थ तथा छबिलाल साहू ने कार्यक्रम के संचालन एवं व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने गौसंवर्धन और गौसेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए गौधाम सोहागपुर के संचालन के लिए समिति के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं गौसेवा से जुड़े लोगों की उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।