: उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने वाशिंगटन में सड़क और भवन निर्माण कार्यों को देखा।
Sat, Sep 14, 2024
बिलासपुर( न्यूज उड़ान ) अध्ययन प्रवास पर अमेरिका गए उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने शुक्रवार को वाशिंगटन में सड़क एवं भवन निर्माण स्थलों का दौरा कर कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण स्थलों पर आर्किटेक्ट्स और इंजीनियरों से चर्चा कर निर्माण में प्रयुक्त होने वाली सामग्री, धातु (Metal2) एवं मशीनरी की जानकारी ली। उन्होंने वहां विशेषज्ञों के साथ बैठक कर सड़क एवं भवन निर्माण की नई तकनीकों तथा निर्माण परियोजनाओं के विभिन्न चरणों का अध्ययन किया। लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह भी इस दौरान उनके साथ थे।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने वाशिंगटन में निर्माण कार्यों के विशेषज्ञों के साथ बैठक कर नई निर्माण तकनीकों तथा यू.एस.ए. (USA) में सड़क एवं भवन निर्माण परियोजनाओं की प्लानिंग से लेकर निर्माण तक चरणबद्ध रूप से उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी ली। वहां बिम (BIM) कम्प्यूटर सिस्टम से भवन एवं अधोसंरचना का कम्प्यूटर में संपूर्ण डिज़ाइन तैयार किया जाता है जिससे न केवल उनके निर्माण में लगने वाली सामग्री (Material) एवं लागत का सटीक आंकलन होता है, बल्कि बाद में होने वाले मेन्टेनेन्स (Maintenance) के काम में भी मदद मिलती है। श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अच्छी गुणवत्ता की टिकाऊ सड़कों और भवनों के निर्माण के लिए अमेरिका में प्रचलित नई तकनीकों एवं उपायों का विस्तृत अध्ययन कर लोक निर्माण विभाग में लागू करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने वाशिंगटन में विशेषज्ञों से कार्यस्थलों पर निर्माण श्रमिकों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी ली। उन्होंने सड़कों के पास स्थित रिहायशी इलाकों को ध्वनि प्रदूषण से बचाने के लिए किए जाने उपायों का भी अध्ययन किया।
यू.एस.ए. में सड़क निर्माण एवं भवन निर्माण परियोजनाओं में प्रारंभिक डीपीआर स्तर पर काफी विस्तृत अध्ययन किया जाता है।ताकि बाद में आने वाली समस्याओं एवं होने वाले विलंब व लागत में वृद्धि से बचा जा सके।
: शहर में चाकूबाजी, घायल युवक ने उठाए सवाल....
Sat, Sep 14, 2024
कोरबा( न्यूज उड़ान) कोतवाली थाना क्षेत्र में कल शुक्रवार रात पुरानी बस्ती निवासी युवक पर तुलसी मार्ग (गांजा गली) में चाकू मार दिया गया ।बताया जा रहा है कि घायल गोलू नाई (श्रीवास) निवासी पुरानी बस्ती पर डीडीएम रोड निवासी विशाल बत्रा ने किसी बात की पुरानी रंजिश पर चाकू मार दिया जिससे गोलू के सीने और हथेली में जख्म आये हैं।लहूलुहान हालत में गोलू को अस्पताल ले जाया गया जहां से प्रारम्भिक उपचार बाद बिलासपुर रेफर किये जाने की जानकारी मिल रही है।रात लगभग 11:30 बजे हुए इस घटना के संबंध में कोतवाली पुलिस ने विशाल बत्रा के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है,आरोपी फरार बताया जा रहा है,घायल युवक ने पुलिस के कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठाया है।
: एनटीपीसी कोरबा में राजभाषा प्रतिज्ञा के साथ हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ।
Sat, Sep 14, 2024
कोरबा (न्यूज उड़ान) एनटीपीसी कोरबा में आज राजभाषा प्रतिज्ञा के साथ हिंदी पखवाड़े का उद्घाटन हुआ। इस महत्वपूर्ण आयोजन की अध्यक्षता श्री राजीव खन्ना, परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी कोरबा ने की। इस अवसर पर उन्होंने हिंदी भाषा के महत्व और उसके संरक्षण के प्रति सभी कर्मचारियों को जागरूक किया। कार्यक्रम की शुरुआत राजभाषा प्रतिज्ञा से की गई, जिसमें सभी कर्मचारियों ने हिंदी भाषा को अपने कार्य और संचार का प्राथमिक माध्यम बनाने की शपथ ली। श्री खन्ना ने इस प्रतिज्ञा के महत्व को उजागर करते हुए कहा कि हिंदी पखवाड़ा केवल एक औपचारिकता नहीं बल्कि एक महत्वपूर्ण पहल है, जो हमारे देश की एकता और अखंडता को बढ़ावा देती है।
श्री खन्ना ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा, "हिंदी हमारी राष्ट्रीय भाषा है और इसे प्रोत्साहित करना हमारा कर्तव्य है। इस पखवाड़े के दौरान, हमें हिंदी में अधिक से अधिक कार्य करने का प्रयास करना चाहिए और इसे अपने कार्यक्षेत्र का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। इस पखवाड़े के दौरान विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें हिंदी लेखन प्रतियोगिताएँ, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ, और हिंदी में कार्यस्थल पर संवाद बढ़ाने की पहल शामिल हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य कर्मचारियों को हिंदी भाषा के प्रति उत्साहित और जागरूक करना है। एनटीपीसी कोरबा के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी इस पखवाड़े की महत्वपूर्णता को समझते हुए इसमें सक्रिय भागीदारी दिखाई। कार्यक्रम के अंत में, श्री खन्ना ने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे हिंदी भाषा को अपनी दैनिक गतिविधियों में अपनाएँ और इसके प्रचार-प्रसार में सहयोग करें। इस आयोजन के साथ ही हिंदी पखवाड़े की शुरुआत ने एनटीपीसी कोरबा में हिंदी भाषा की महत्वपूर्ण भूमिका को और भी सशक्त किया है और कर्मचारियों में इसके प्रति गहरी प्रतिबद्धता और उत्साह को बढ़ावा दिया है।