: पढाई में कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान देवें शिक्षक- कलेक्टर श्री अजीत वसंत
Sun, Nov 24, 2024
कोरबा( न्यूज उड़ान) कलेक्टर अजीत वसंत ने हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल की बोर्ड परीक्षा में बच्चों के परीक्षा परिणाम में सुधार लाने के लिए कला संकाय विषय के व्याख्याताओं की समीक्षा बैठक शनिवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में ली। उन्होने शिक्षकों को निर्देश दिए कि पढाई में कमजोर बच्चों के शैक्षणिक विकास के लिए उन पर विशेष ध्यान देकर अध्यापन कार्य करें। बच्चों को स्कूल में नियमित आने तथा पढ़ाई में निरंतरता बनाने के लिए प्रेरित करें। उनके लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगायें। ब्लैक बोर्ड पर लिखने का अभ्यास करायें। परीक्षा की तैयारी की दृष्टि से गृह कार्य में प्रश्नोत्तर लिखा कर रिवीजन करायें।
कलेक्टर ने बच्चों के शैक्षणिक विकास एवं परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए विद्यालयवार एवं व्याख्याताओं के विषयवार विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि विगत वर्ष के परीक्षा परिणामों को ध्यान में रखकर शिक्षक मेहनत करें और इस वर्ष उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम लाने के प्रयास करें।उन्होंने कहा कि बच्चों की कमजोरियां बताने से अच्छा, उनकी कमजोरी दूर करना है। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि प्रत्येक विद्यालय के शिक्षक अपने विषयों में 80 प्रतिशत से अधिक परीक्षा परिणाम लाने का प्रयास करें।उन्होंने कहा कि परीक्षाओं के दृष्टिगत शिक्षकों के द्वारा बच्चों की लिखावट की गति एवं शुद्धता पर ध्यान दिया जाये। शिक्षक का मुख्य कार्य अध्यापन कार्य होता है। बच्चों को पढ़ाकर ही आगे बढ़ाया जा सकता है। कलेक्टर ने कहा कि विद्यालयों में अनुशासनहीनता करने वाले शिक्षकों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों की सतत मानिटरिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि डीएमएफ मद से विद्यालयों में नियुक्त अतिथि व्याख्याताओं की निरंतरता उनके विषयों के परीक्षा परिणाम के आधार पर की जायेगी। उन्होंने कहा कि अतिथि व्याख्याताओं का उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मानदेय में वृद्धि भी की जायेगी।कलेक्टर ने कहा कि शिक्षक बच्चों के सामाजिक एवं आर्थिक परिवेश को ध्यान में रखकर बच्चों को शिक्षित करने के साथ ही साथ पालक की भी भूमिका निभाएं। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री दिनेश कुमार नाग,जिला शिक्षा अधिकारी श्री टी.पी.उपाध्याय, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, कला संकाय के व्याख्याता एवं अतिथि व्याख्याता उपस्थित थे।
: स्टेट बाक्सिंग चैंपियनशीप के लिए कोरबा टीम का ट्रायल 24 को।
Sat, Nov 23, 2024
कोरबा (न्यूज उड़ान) 02 से 04 दिसंबर को दुर्ग-भिलाई में आयोजित राज्य स्तरीय ओपन बॉक्सिंग चैंपियनशीप के लिए कोरबा टीम का चयन रविवार 24 नवंबर को किया जाएगा। कोरबा के सीनियर महिला व पुरुष टीम का चयन ड्रेगन मार्शल आर्ट एकेडमी आर.पी. नगर निहारिका कोरबा में किया जाएगा। ट्रायल स्पर्धा में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी दोपहर 12 बजे जन्म प्रमाण पत्र और पासपोर्ट फोटो के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहे। ट्रायल स्पर्धा में चयनित पुरुष व महिला खिलाड़ी राज्य स्तरीय ओपन बॉक्सिंग चैंपियनशीप में कोरबा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।सूचनार्थ
नूतनसिंह ठाकुर
उपाध्यक्ष, छत्तीसगढ़ स्टेट बाक्सिंग एसोसिएशन
: अभिभावकों के लिए डी.डी.एम. पब्लिक स्कूल में पोषण जागरूकता सत्र का आयोजन।
Sat, Nov 23, 2024
कोरबा( न्यूज उड़ान )डी.डी.एम. पब्लिक स्कूल में दिनांक 20 और 21 नवम्बर को दो दिवसीय पोषण जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया जिसमें अभिभावकगण अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाये ।न्यू कोरबा अस्पताल से डॉ. रिया दुबे को आमंत्रित किया गया था। डॉ. रिया दुबे ने अभिभावकों को बताया कि बच्चों को किस प्रकार का संतुलित एवं पौष्टिक आहार दें ताकि उनका सेहत ठीक रहें और उनका रूचि संतुलित एवं पौष्टिक आहार खानें में लगे।उन्होनें कहा कि आज के बच्चे जंक फूड को अधिक पसंद करते हैं लेकिन माता-पिता ही इन सबसे दूर कर उन्हें पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक कर सकते हैं।
बच्चों को सुबह उठकर सैर के लिए प्रेरित करें, लेकिन उससे पहले माता-पिता को स्वयं सैर करना चाहिए।इस अवसर पर अभिभावकों के साथ स्कूल के प्राचार्य डॉ. सुनील जेम्स, किड्जी कोऑर्डिनेटर श्रीमती रूपसी त्रिपाठी और सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थित थे।